हाथरस के ग्राम पंचायत नौगांव के मजरा नगला ठाड़ा में शुक्रवार को एक पिता ने अपने मासूम बेटे के सिर पर ईंटों से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी और पत्नी पर दरांती से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया। परिजन बच्चे को सीएचसी सादाबाद पहुंचे। वहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इधर, महिला को हाथरस उपचार के लिए ले जाया गया है। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। सीओ ब्रह्म सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और घटना के संबंध में मृतक बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। इधर, परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली में भी घटना के संबंध में तहरीर दी गई है।
घटना के संबंध में गांव नगला ठाडा नौगांव निवासी रेखा पत्नी चौहान ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी चौहान पुत्र दीवान सिंह निवासी नगला ठाडा नौगांव से हुई थी। उसके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा नौ वर्षीय विराट और छोटा तीन वर्षीय बेटा विराज उर्फ किट्टू है। 19 नवंबर को शाम करीब तीन बजे विराज ऊपर बने कमरे में सो रहा था। उसी समय उसके पति चौहान ने कमरे में पहुंचकर सोते हुए विराज पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी और उसके ऊपर भी दरांती से हमला बोल दिया, जिससे उसके दाएं हाथ में चोट आई है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक मासूम के बाबा ने बताया कि चौहान पहले भी अपनी पत्नी व परिजनों से झगड़ा कर चुका है, जिसकी पुलिस से भी शिकायत की गई थी। अब उसने अपने बेटे को मार दिया। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा मीडिया सेल व्हाट्स एप ग्रुप पर जारी किए गए प्रेस नोट में बताया कि शुक्रवार को शाम करीब चार बजे थाना सादाबाद पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम नौगांव के मजरा नगला ठाडा निवासी एक व्यक्ति चौहान पुत्र दीवान सिंह द्वारा गृहक्लेश में अपने पुत्र उम्र करीब तीन वर्ष के सिर में ईट मार दी है, जिससे उसकी मृत्यु हो गई है।
सूचना पर तत्काल सीओ सादाबाद तथा थाना सादाबाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली गई। पुलिस द्वारा शव को पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। सीओ ने बताया कि जानकारी करने पर ज्ञात हुआ है कि आरोपी चौहान का मानसिक संतुलन खराब है, जिसका काफी समय से आगरा में इलाज भी चल रहा है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चौहान पुत्र दीवान सिंह निवासी नगला थाडा थाना सादाबाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।