बेटी की शादी का सामान लेने के लिए पांच लाख रुपये नकद लेकर जा रहे चार लोगों को हसायन पुलिस चौकी जरैरा पर सचल दल ने हिरासत में ले लिया। उनकी कार की डिग्गी में रखे सूटकेस में पांच लाख रुपये मिले थे। सूचना मिलने पर स्टेट्रिक मजिस्ट्रेट कोतवाली सिकंदराराऊ आ गये और नकद रुपये जमा कर दिए। इधर, पीड़ित ने अपने गांव से रुपये की निकासी का विवरण बैंक से मंगा कर दिखाया, लेकिन उसे रुपया वापस नहीं मिला। शाम तक वह जिला मुख्यालय पर भटकता रहा।
जिस व्यक्ति की धनराशि जब्त की गई है, उन्हें इस धनराशि को लेने के लिए कमेटी के समक्ष अपील करनी होगी। अपील में यह पैसे राजनैतिक प्रयोग में नहीं आ रहे हैं, यह सिद्ध होने की स्थिति में धनराशि को मुक्त किया जाएगा। -शिवनारायण शर्मा ,एडीएम न्यायिक।
50 हजार से अधिक धनराशि पर दिखाना होंगे कागज
50 हजार रुपये से अधिक नकदी पाए जाने पर स्रोत और साक्ष्य दिखाने होंगे। 10 हजार रुपये से अधिक कीमत का गिफ्ट, गैरकानूनी वस्तु, पोस्टर, पंपलेट पाए जाने पर जब्त किया जाएगा। अगर 50 हजार रुपये से अधिक नकदी लेकर जा रहे हैं, तो साथ में बैंक निकासी की रसीद, एटीएम निकासी की रसीद, अन्य स्रोत, जिससे धनराशि प्राप्त हुई है। वह भी साथ में रखना होगा।