राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी कैम्प कार्यालय
- फोटो : अमर उजाला
राजा महेंद्र प्रताप राज्य विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में 12 सितंबर से विशेष परीक्षा शुरू होगी। विवि ने इस परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पीसी बागला डिग्री कॉलेज में इस परीक्षा में करीब 450 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
नई शिक्षा नीति के तहत सैद्धांतिक प्रश्रपत्रों में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों के लिए विशेष परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए बीए, बीएससी के पांचवें व छठवें सेमिस्टर के एक-एक विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी आवेदन कर सकते थे। इसी तरह बी.कॉम के पांचवें व छठवें सेमिस्टर में दोनों अनिवार्य प्रश्नपत्रों में से किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते थे। इन पाठ्यक्रमों में शर्तों के साथ परीक्षार्थियों को विशेष परीक्षा देने का मौका मिलना है। कॉलेज के आंकड़ों के अनुसार पीसी बागला डिग्री कॉलेज में करीब 450 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन किया है।
विवि द्वारा जारी विशेष परीक्षा के कार्यक्रम के अनुसार 12 सितंंबर को पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक बीए, बीएसी व बी.कॉम की पांचवे समिस्टर की परीक्षा होगी। इसी दिन दूसरी पाली में दोपहर 3:00 बजे से शाम 5.00 बजे तक बीए, बी.कॉम व बीएससी की छठवें सेमिस्टर की परीक्षा होगी। 13 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक बीए व बीएससी के पांचवें सेमिस्टर की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बीए व बीएससी की छठवें सेमिस्टर की परीक्षा होगी। 14 सितंबर को पहली पाली में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक बीए, बी.कॉम व बीएससी के पांचवे सेमिस्टर की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक बीए, बी.कॉम व बीएससी की छठवें सेमिस्टर की परीक्षा होगी।
विवि ने विशेष परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस कार्यक्रम के अनुसार 12 सितंबर से यह परीक्षा शुरू हो जाएगी। हमारा प्रयास है कि हर हाल में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा। - माहवीर सिंह छौंकर, प्राचार्य, पीसी बागला डिग्री कॉलेज।