गांव मानिकपुर में शुक्रवार शाम पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर 17 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार, सामग्री को पटाखे बनाने के लिए दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने सामग्री जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि कोतवाली सहपऊ पुलिस शुक्रवार को नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव मानिकपुर स्थित एक मकान में विस्फोटक सामग्री रखी हुई है। यहां पटाखे बनाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को 17 किलो विस्फोटक सामग्री मिली। इसमें गंधक, पोटाश और विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य रसायन शामिल हैं। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाने की तैयारी थी। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।