हसायन नगर पंचायत से जारी नोटिस को दिखाते अनमोल गुप्ता। संवाद
- फोटो : samvad
नगर पंचायत ने एक उपभोक्ता को दो मकानों के बजाय तीन का बकाया टैक्स नोटिस भेज दिया। नोटिस में 11,280 रुपये जमा करने की मांग की गई है। इस पर मोहल्ला दखल निवासी अनमोल गुप्ता ने मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर जांच की मांग की है।
अनमोल गुप्ता के अनुसार, उनके बाबा स्व. हरनारायण पुत्र पीतम्बर के नाम नगर पंचायत में दो मकान दर्ज हैं। वार्ड नौ के मोहल्ला दखल में मकान संख्या 62 और वार्ड एक में अंडौली मार्ग पर मकान संख्या 25 है। आरोप है कि 22 अक्तूबर को जारी नोटिस में मकान संख्या 62 के साथ 64 भी जोड़ दिया गया, जबकि वहां एक ही मकान है, जिसके दो दरवाजे हैं।
अनमोल गुप्ता ने मकानवार, वर्षवार और मदवार बकाये का विवरण मांगा है। उन्होंने न्याय नहीं मिलने पर नगर पंचायत कार्यालय में धरना देने की चेतावनी दी। अधिशासी अधिकारी संदीप सारस्वत ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।