संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में एक सितंबर से सात सितंबर तक मातृ वंदना सप्ताह मनाया जाएगा। इस सप्ताह को एक उत्सव के रूप में मनाने की योजना तैयार की गई है। जिसके तहत सप्ताह के हर दिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित होंगी। हर साल मनाए जाने वाले इस सप्ताह की, इस बार की थीम ‘मातृ शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ निर्धारित की गई है।
मातृ वंदना सप्ताह के पहले दिन (एक सितंबर) के कार्यक्रम के शुभारंभ में जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल कल्याण विभाग के साथ मिलकर सभी को जागरूक किया जाएगा। प्रत्येक विकास खंड पर मां-बच्चे एवं गर्भवती के लिए सेल्फी कार्नर बनाया जाए।
मां एवं प्रथम शिशु अथवा गर्भवती की सेल्फी सोशल मीडिया जैसे-ट्विटर व व्हाट्सएप पर जनपद, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपलोड की जाएगी। चयनित फोटो को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदर्शित किया जाएगा। गर्भवती व धात्री महिला को सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाए।
सप्ताह के दूसरे दिन (दो सितंबर) योजना के सफल क्रियान्वयन व उसके उद्देश्यों के लिए ग्राम सभा व शहरी निकाय की बैठक होगी। आखिरी दिन (सात सितंबर) को सहयोगी संगठनों व जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उत्कृष्ट उपलब्धि वाले ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों और उच्च उपलब्धि वाली आशा, आशा संगिनी व एएनएम को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस सिलसिले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक जिले में लगभग 38836 प्रथम बार गर्भ धारण करने वाली गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा चुका है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक अवनेंद्र कुमार राठौर ने कहा कि इस योजना की अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7998799804 पर संपर्क कर सकते हैं। इस साप्ताहिक पखवाड़ा में शत प्रतिशत सभी लाभार्थियों को आशाओं के माध्यम से चिह्नित कर योजना का लाभ दिलाना सरकार का लक्ष्य है।