हाथरस। रामलीला मैदान सहित आस पास के बाजारों में बिन बारिश के ही जलभराव की समस्या दुकानदारों के लिए नासूर बनती जा रही है। सुबह-सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने आते हैं तो उन्हें पहले दुकानों के सामने से गंदा पानी हटाने के लिए स्वयं ही साफ-सफाई करनी पड़ती है।
रोज-रोज होने वाली जलभराव की समस्या को लेकर दुकानदारों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि बिन बारिश के रामलीला मार्केट के अलावा बागला मार्ग, पंजाबी मार्केट, लक्ष्मी टाकीज गली, बैनीगंज, बख्तावर गली, बंगाली गली सहित आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो जाता है। दुकान खोलने पूजा अर्चना करके आते हैं, लेकिन गंदा पानी निकालना पड़ता है। पालिका को इस संबंध में कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। प्रदर्शन करने वालों में पप्पू लाला, पवन कुमार, राजू पाठक, पप्पू पाठक, रियाज, रूपकिशोर, पीयूष गुप्ता एडवोकेट, उमेश शर्मा, ललित लब्बू, मुरारीलाल शर्मा, राजकुमार वार्ष्णेय, नितिन गुप्ता, गिरीश चंद्र सहित काफी दुकानदार शामिल थे। ------- जलभराव के संबंध में स्थानीय दुकानदारों ने फोन किया था। तुरंत ही सफाई कर्मी भेज कर चोक पड़ी पुलिया को खुलवा दिया गया। पुलिया ऊंची कराए जाने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव रखा जाएगा। पुलिया ऊंची होने के बाद जलभराव की समस्या समाप्त हो जाएगी। - वासुदेव माहौर, चेयरमैन प्रतिनिधि। ---------