कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बोझिया स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में 14 मार्च शाम को रंजिश में इंटरमीडिएट के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर एसपी निपुण अग्रवाल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें से एक आरोपी नाबालिग है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
युवक को कुछ लोग बुलाकर स्कूल परिसर में ले गए थे, जहां उसे गोली मार दी। घायल युवक को उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। -निपुण अग्रवाल, एसपी।
करीब तीन माह पूर्व लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
बताते हैं कि पिछले दिनों फर्जी कॉल के माध्यम से राजीव के परिजनों से करीब 35 हजार रुपये रिश्तेदार बनकर ठग लिए गए थे। ये रुपये राजीव ने गांव के एक परिवार से लिए थे। पैसे लौटाने को लेकर राजीव का उस परिवार से विवाद चल रहा था। बाद में गांव के कुछ लोगों ने समझौता करा दिया था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते बृहस्पतिवार शाम को घटना को अंजाम दिया गया है।