न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बुखार का प्रकोप अभी भी जारी है। वायरल बुखार और डेंगू के पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब डेंगू के 20 और नए मरीज सामने आए हैं। इनकी जांच कराई गई थी। सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार के रोजाना काफी मरीज आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सर्वे कर मरीजों को खोज रही हैं और इनका उपचार भी कराया जा रहा है।
जिले में बुखार से अभी तक डेढ़ दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। इधर, शुक्रवार को 20 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनकी पिछले दिनों जांच कराई गई थी। बुखार के काफी रोगी शुक्रवार को भी प्राइवेट व सरकारी अस्पतालों में आए। काफी मरीज पहले से ही भर्ती हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सर्वे के तहत मरीजों की खोजबीन कर रही हैं। सीएमओ डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी ने बताया कि 20 और मरीजों को डेंगू की पुष्टि हुई है। टीमें अभियान चलाकर मरीजों की खोज कर रही हैं और उनका उपचार भी कराया जा रहा है।
एंटी लार्वा के छिड़काव और नमूने लेने के दिए निर्देश
हाथरस। विकास भवन सभागार में डीएम के निर्देश पर सीडीओ आरबी भास्कर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति संक्रमित बीमारी से पॉजिटिव पाया जाता है तो उसके घर के आसपास के अधिक से अधिक लोगों का नमूने लेकर जांच कराएं और 50 मीटर के एरिया में एंटी लार्वा का छिड़काव कराएं। संवाद
बुखार से युवक की मौत से मचा कोहराम
सादाबाद। कस्बे की राम मंदिर गली के रहने वाले युवक धर्मेंद्र उर्फ छोटे हलवाई पुत्र जगदीश उर्फ जग्गो की आगरा में उपचार के दौरान शुक्रवार की शाम को मौत हो गई। यह युवक पिछले 2 दिन से बुखार से पीड़ित था। संवाद