संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले के उपभोक्ताओं को अगली गर्मियों में शायद पर्याप्त बिजली का सपना साकार हो जाए। रिवेम्प स्कीम के तहत बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए काम होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। तीन नए बिजलीघरों का निर्माण होगा। आठ सौ चालीस किलोमीटर जर्जर बंच कंडक्टर लाइन के स्थान पर नई बंच कंडक्टर लाइन डाली जाएगी। ओवरलोडिंग खत्म करने के लिए 865 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों की मानें तो सितंबर के अंत तक काम शुरू हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जिले में वर्तमान में 2,60000 से अधिक उपभोक्ताओं को 64 बिजलीघरों से आपूर्ति की जा रही है। लोगों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए रिवेम्प स्कीम को लागू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत जिले में विद्युत ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
इस योजना के तहत शहर के पुलिस लाइन, सादाबाद के जटोई व सिकंदराराऊ के बसईकाजी में 33/11 केवीए के नए बिजलीघरों का काम होगा। इसके लिए जमीन की तलाश शुरु हो गई है। शहर, देहात कस्बा में आठ सौ चालीस किलोमीटर जर्जर बंच कंडक्टर लाइन की जगह नई बंच कंडक्टर लाइन डाली जाएगी।
छह बिजलीघरों की क्षमता में वृद्धि की जाएगी। पांच एमबीए के स्थान पर दस एमबीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। 865 छोटे बड़े ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इस मामले में अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना है कि रिवेम्प स्कीम के तहत टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। माना जा रहा है सितंबर के अंत तक काम शुरू हो जाएगा।