संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
विवाहिता की हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उसके शव को जलाने के आरोप में पुलिस ने उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है। उसे जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है क्षेत्र के गांव नगला रतिया में 18 जून की सुबह एक विवाहिता का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला था।
आनन-फानन परिजनों ने शव को उतारकर जला दिया। इधर, किसी ने मृतका के मायके वालों को इस घटना की सूचना दे दी। मृतका की मां मैना देवी निवासी भोगीपुरा शाहगंज आगरा ने उसके पति, सास, ससुर सहित 13 लोगों के खिलाफ दहेज की खातिर उनकी बेटी की हत्या करने और शव को जलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
मृतका के पति रोहित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब उसकी सास माया देवी पत्नी राजेश कुमार निवासी नगला रतिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कोतवाल मनोज कुमार का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।