गांव परसौरा में सुराज टी स्टोर पर चुनावी चर्चा करते लोग। संवाद
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के गांव परसौरा में शनिवार की सुबह सुराज खां की चाय की दुकान पर हो रही चुनावी चर्चा में ग्रामीणों ने सरकार एवं भावी विधायक के बारे में खुलकर विचार व्यक्त किए । इन सभी का कहना था कि उनके क्षेत्र में खेती का ही काम होता है, इसलिए वह खेती की सुरक्षा के इंतजामों का वादा भावी जनप्रतिनिधि से चाहते हैं।
इस समय उनकी सबसे बड़ी समस्या आवारा पशुओं की है। वह इनसे बचने के लिए दिन-रात जागकर खेतों में खड़ी फसलों की रखवाली करते हैं। सरकार इस समस्या का किसी प्रकार निदान कराए। डॉ. दलवीर सिंह का कहना था कि वह उस प्रत्याशी को अपना वोट देंगे, जो गांवों का विकास कराने के लिए सरकार का ध्यान गांवों की ओर खींचे।
वीरेंद्र सिंह का कहना है कि हमारे गांव में रजबहे में काफी कम पानी आता है। जो प्रत्याशी रजबहे में फसलों के लिए पानी सही समय से छुड़वाए, उसी को अपना वोट देंगे। करुआ खां का कहना था, जो प्रत्याशी जातिवाद से उठकर गांवों के लोगों के लिए सही काम करे, वह उसे ही अपना वोट देंगे।
भानु प्रकाश का कहना है कि किसानों के हित में कार्य करने वाले एवं आवारा पशुओं से छुटकारा दिलाने वाले को वह अपना वोट देंगे। सुराज खां एवं कर्मवीर ने भी भानु प्रकाश की बात का समर्थन किया।