न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सप्ताह के दूसरे दिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में बैठक हुई। सीएमओ डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा सहित कई सभासद मौजूद रहे। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ देने के मामले में जिले को प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
सीएमओ ने बताया कि एक सितंबर से सात सितंबर तक पीएम मातृ वंदना योजना का आयोजन किया जा रहा है। इसका लाभ लेने के लिए पहली बार गर्भ धारण करने वाली पात्र महिला लाभार्थी राज्य स्तर से जारी हेल्पलाइन नंबर 7998799804 व क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम से संपर्क करें और योजना का लाभ उठा सकती हैं।
जिला कार्यक्रम समन्वयक अवनेंद्र कुमार राठौर ने कहा कि गर्भ धारण करने के 150 दिन के भीतर योजना का फार्म भरने व पोर्टल पर पंजीकरण होने के उपरांत प्रथम किस्त के रूप में एक हजार रुपये, गर्भवती महिला को अपनी प्रसव पूर्व जांच हो जाने पर दूसरी किस्त के रूप में 2000 रुपये और प्रसव के उपरांत 3.5 माह तक के सभी टीके बच्चे को लग जाने के उपरांत तीसरी किस्त के रूप में 2000 रुपये दिए जाते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में प्रदेश में जिले को नंबर वन पर ले जाने के लिए सभी सभासद और नगर पालिका परिषद पूरा प्रयास करेगी। नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी सभासदों से योजना का प्रचार-प्रसार करने और अपने -अपने क्षेत्रों के सभी पात्र लाभार्थी को लाभ दिलाने की अपील की।
बैठक में सभासदों के अलावा एसीएमओ डॉ. डीके अग्रवाल, डॉ. नरेश गोयल, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप त्यागी एव शहरी स्वास्थ्य समन्वयक पुष्पेंद्र सिंह, डीपीसी आयुष्मान भारत योजना डॉ. प्रभात सिंह, मोहित त्रिवेदी, लेखेंद्र भारद्वाज, अशीष शर्मा, जिला कार्यक्रम सहायक गुंजन कुमार सिंह, राजकुमार आदि मौजूद थे। संवाद