कुरसंडा में शिविर लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करती स्वास्थ्य महकमे की टीम।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कस्बा और क्षेत्र में वायरल का कहर टूट रहा है। सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी अस्पतालों में रोजाना सैकड़ों मरीज आ रहे हैं। मंगलवार को बुखार फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य महकमे की टीम गांव कुरसंडा पहुंची और शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवा वितरित की।
सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि गांव कुरसंडा से बुखार फैलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीम को गांव में भेजा गया। टीम में डॉ. सुमित चौहान, लैब असिस्टेंट हरेंद्र कुमार ने गांव में शिविर लगाकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच की।
कई लोगों के ब्लड सैंपल भी लिए गए। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि शिविर में 98 लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि गांव में वायरल मौसमी बुखार का प्रकोप है, इस वजह से लोग बुखार, सर्दी जुकाम से पीड़ित पाए गए हैं। कई लोगों को खुजली की भी शिकायत मिली है। सभी को दवा वितरित की गई है। उन्होंने बताया कि गांव में डेंगू से पीड़ित कोई मरीज नहीं पाया गया है।