अगसौली का महावीर हॉस्पिटल जिसे सील किया गया।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
एसडीएम राजेश कुमार व सीएचसी प्रभारी डॉ. रजनेश यादव ने क्षेत्र के झोलाछाप डॉक्टरों के यहां छापेमार कार्रवाई की। सि दौरान अगसौली में पशु चिकित्सक चेतावनी के बावजूद लोगों को ड्रिप लगाता मिला। अधिकारियों को देखते ही वह हॉस्पिटल छोड़कर खेत में भाग गया। टीम ने मरीजों को सीएचसी में भेजकर अस्पताल को सील कर दिया। इसके अलावा पंत चौराहे से पहले एक झोलाछाप को नोटिस भी थमाया।
बता दें कि प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग झोलाछाप डॉक्टरों व फार्मासिस्टों के खिलाफ अभियान चला रहा है। कुछ दिन पूर्व कासगंज रोड के अगसौली चौराहे स्थित महावीर हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारा तो देखा कि पशु चिकित्सक लोगों का सुई लगा रहा था। इसको नोटिस दिया गया लेकिन इसने जवाब नहीं दिया।
मंगलवार को पुन: इसके यहां छापेमारी की गई तो पाया कि हॉस्पिटल में कई मरीज भर्ती थे और उन्हें ड्रिप लगी हुई थी। टीम को देखते ही पिछले दरवाजे से डॉक्टर खेतों में भाग गया। इसके बाद मरीजों को सीएचसी शिफ्ट कर दिया गया और हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। इसके बाद पंत चौराहे से पहले एक झोलाछाप की क्लीनिक चेक की गई। यहां पर चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
पशु चिकित्सक के अस्पताल में लोगों को चढ़ी ड्रिप।- फोटो : SIKANDHRA RAHU