संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
नगर पंचायत दफ्तर के सभागार में सोमवार को नगर पंचायत सादाबाद बोर्ड की बैठक हुई। इसमें नगर पंचायत क्षेत्र के विकास का खाका खींचते हुए बोर्ड की सहमति से लगभग 20 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। इस दौरान सड़क, नाली, जलनिकासी के साथ ही अन्य सुविधाओं को भी बेहतर बनाए जाने के लिए विचार विमर्श हुआ और नगर पंचायत को साफ और स्वच्छ बनाए जाने का संकल्प लिया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष रविकांत अग्रवाल ने कहा कि नगर पंचायत निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। नगर की पेयजल, पथ प्रकाश, सड़क, नाली, साफ सफाई आदि की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के प्रयास लगातार जारी हैं। अधिशासी अधिकारी लल्लनराम यादव ने बताया कि मुख्य तौर पर नगर की जल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए दो नए नलकूप लगाए जाएंगे।
एक नलकूप गांधी पार्क और दूसरा नलकूप प्रगतिपुरम में स्थापित होगा। प्रगतिपुरम में एक ओवरहैड टैंक का निर्माण भी किया जाएगा। पेयजल सप्लाई के लिए नई पाइपलाइन का जाल भी बिछाया जाएगा। साफ सफाई और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी और एफएसटीपी की भी व्यवस्था की जाएगी।
इस पर करीब एक करोड़ 80 लाख का खर्चा किया जाएगा। नगर में पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए नए पोल और स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इस पर करीब 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर में विभिन्न स्थानों पर सड़क, नाली, खड़ंजों का निर्माण भी किया जाएगा, इसके लिए सार्वजनिक निर्माण से करीब चार करोड़ 19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
लगभग 30 लाख रुपये की लागत से दो बारातघर मोहल्ला बीच वाला और भगत सिंह कॉलोनी में बनाए जाएंगे। बैठक में पीडब्लूडी से जेई डीपी सिंह, स्वास्थ्य विभाग से एचईओ रविंद्र प्रताप सिंह, शिक्षा विभाग से एबीएसए शुभम कुमार के अलावा सभासद रूप मनोहर अग्रवाल, राधेश्याम, सुधीर गर्ग, शर्मिला देवी, संजू देवी, उर्मिला देवी, ज्योति पाठक, श्रीपाल बघेल, बाबूलाल, डॉली, कमलेश, हमीद खां, चांद खां, संगीता देवी आदि थे।