न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दारोगा से अभद्रता व मारपीट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली सदर के आगरा रोड स्थित घास की मंडी के निकट सोमवार की दोपहर को सादाबाद चौकी के दारोगा के साथ दो लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई कर दी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति का माल चालक बड़ी गाड़ी से लेकर आया था, लेकिन जब माल निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा तो मालिक ने फोन करके पुलिस को बताया कि उसका चालक माल को लेकर लापता हो गया है।
चौकी प्रभारी सादाबाद गेट जय प्रकाश तिवारी ने मौके पर जाकर छानबीन की। बताया जा रहा है कि दारोगा जैसे ही घास की मंडी के निकट पहुंचे तो वहां वाहन चालक उन्हें मिल गया। माल को लेकर जब बातचीत की गई तो दारोगा से चालक हबीब निवासी लाला का नगला व उसके साथी इंतजार निवासी नाई का नगला अभद्र व्यवहार करने लगे। गाली-गलौज के साथ हाथापाई भी हो गई। काफी देर तक सड़क पर हंगामा हुआ। चालक व दारोगा के मध्य कहासुनी होती रही। इस बीच कई लोग एकत्रित हो गए।
इस घटना का किसी ने चुपके से वीडियो बना लिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने अब दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और मारपीट आदि धाराओं में दरोगा जय प्रकाश तिवारी की ओर से मुकदमा दर्ज किया है। संवाद