न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र के गांव नगला मैया में 10 मई को संदिग्ध हालात में हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने अब मृतका के ससुर वीरपाल और सास भूरी देवी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस ने विवाहिता के चचेरे भाई शेर सिंह निवासी मुबारिकपुर थाना इरादत नगर जिला आगरा की तहरीर पर उसी रात पति, ससुर, सास, दोनों ननद और पति के मौसा के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया था। पति अंकित कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब सास और ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि गांव में 10 मई की दोपहर को विवाहिता का शव उसके ही मकान के बरामदे में मिला था। ससुराल वाले मौके से भाग गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। कोतवाली प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद