न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पशुओं के लंपी नामक बीमारी से बचाव के लिए पशुओं को गोट पॉक्स वैक्सीन लगाई जाएगी। शासन की ओर से जिले में इस टीके की 10 हजार खुराक भेज दी गई हैं। 29 सितंबर से गांव जिरौली से 500 मीटर के दायरे में सभी गांवों में पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा, जिससे अन्य पशुओं में यह बीमारी न फैल सके।
जिले में पशुओं फैल रही लंपी नामक बीमारी को लेकर पशुपालन विभाग सतर्क है। विभाग की ओर से निगरानी टीमें लगाकर गांव-गांव पशुपालकों को इस रोग से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। अब उनका टीकाकरण कराने की तैयारी की जा रही है। 29 सितंबर से पशुओं को गोट पॉक्स वैक्सीन की खुराक लगाई जाएगी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि सभी स्वस्थ पशुओं को इस टीके की खुराक लगाई जाएगी। संक्रमित पशुओं को यह टीका नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव जिरौली में एक मामला और बढ़ गया है। अब तक 31 पशुओं में लंपी रोग के लक्षण पाए गए हैं। संवाद