संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
दिवाली के बाद अचानक सोमवार को मौसम ने करवट बदली। सूरज के तेवर ढीले होने के कारण अन्य दिनों की अपेक्षा धूप कम निकली। सर्द हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया। शहर के मुख्य बाजारों में दुकानों पर बूलन की खरीदारी में इजाफा हो गया है।
उल्लेखनीय है कि नवंबर माह में तापमान में हर रोज गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। सूरज व बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चल रहा था। सर्द हवाओं के चलते लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा।
शहर के पंजाबी मार्केट, पत्थर बाजार आदि मुख्य बाजारों में लोग सर्दी से बचने के लिए स्वेटर, शॉल आदि की खरीदारी करने में जुटे रहे। वहीं मौसम के बदलने के साथ अन्नदाता भी आलू व गेहूं की बुबाई के कार्य को तेजी के साथ निपटाने में जुट गया है।