हाथरस : तालाब रेलवे फाटक पर पुल के नीचे लगी भीड़। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के तालाब चौराहा रेलवे क्रॉसिंग पर सिटी रेलवे स्टेशन की ओर घुमावदार मोड़ है। इस कारण ट्रेन कम दिखाई देती है। वर्तमान में पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा-कासगंज ट्रैक पर 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से यात्री व मालगाड़ियों का संचालन हो रहा है। आने वाले दिनों में ट्रैक की सफाई के बाद इस पर 110 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से ट्रेनों के संचालन की कोशिश चल रही है।
उल्लेखनीय है कि रेलवे प्रशासन ट्रेन के सफर को सुरक्षित बनाने के लिए शहर के मध्य से गुजर रही क्रॉसिंग पर चहारदीवारी का निर्माण कर चुका है। जिन जगह पर पूर्व में क्रॉसिंग थी, उन जगह पर गार्डर आदि लगाकर बंद कर दिया गया है, इसलिए अब ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को तालाब क्रॉसिंग पर ट्रैक पर आ रहे घुमावदार मोड़ को लेकर कुछ कार्रवाई करनी चाहिए।
सिटी रेलवे स्टेशन से मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेन कम दिखाई देती है, क्योंकि आने वाले दिनों में ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी तो इस मोड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए। लोगों का यह भी कहना है कि रेलवे ट्रैक के सहारे अतिक्रमण हैं। कुछ ने वहां अवैध रूप से खोखे आदि लगा रखे हैं। कुछ यात्री वाहन भी वहां खड़े हो जाते हैं। शुक्रवार की रात्रि में यह भी दुर्घटना का मुख्य कारण बना। संवाद
50 मीटर दूर तक साफ दिखने की हो व्यवस्था
हाथरस। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर आने जाने वाले व्यक्ति को 50 मीटर तक साफ दिखाई देना चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से क्रॉसिंग को पार कर सकें, लेकिन तालाब क्रॉसिंग पर नगर पालिका परिसर के निकट घुमावदार मोड़ भी घटनाओं को न्योता देता नजर आ रहा है। संवाद