न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
नगर पंचायत कार्यालय में तैनात एक सफाई कर्मी ने अधिशासी अधिकारी पर धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत पुलिस से की गई है। अधिशासी अधिकारी ने भी कर्मचारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। अधिशासी अधिकारी व पंचायत कर्मी में धक्का-मुक्की व नोकझोंक की सूचना पर एसडीएम सदर भी मुरसान थाने पर आ गए और दोनों पक्षों की बात सुनी।
नगर पंचायत कर्मी व अधिशासी अधिकारी में झगड़े की सूचना मिलते ही नगर पंचायत कर्मी सहित दर्जनों लोग मुरसान कोतवाली पहुंच गए। सफाई कर्मी शिव प्रकाश निवासी मुरसान ने बताया कि उसकी मां रामलली मुरसान नगर पंचायत में सफाई कर्मी के पद पर तैनात थीं। उनकी मौत पांच साल पहले हो चुकी है। मां की मौत के बाद उनका अभी तक पीएफ फंड नहीं मिला है। इसे लेकर वह अधिशासी अधिकारी मुरसान स्वदेश आर्य से कई सालों से गुहार लगा रहा है।
आरोप है कि अधिशासी अधिकारी द्वेष भावना के चलते मृतका के फंड को नहीं दे रहे हैं। पंचायत कार्यालय में तैनात कुछ कर्मी उनसे पीएफ फंड दिलाने के नाम पर पैसे की मांग भी कर रहे हैं। शिव प्रकाश का कहना है कि शुक्रवार को वह नगर पंचायत कार्यालय पहुंचा और अपने मां की मौत के बाद मिलने वाले फंड की बात कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान अधिशासी अधिकारी स्वदेश आर्य ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की की है।
ईओ स्वदेश आर्य ने एसडीएम को बताया कि शिव प्रकाश आये दिन उनकी बेवजह शिकायत करता रहता है। यह जब भी कार्यालय आता है तो सभी लोगों की बात करने का वीडियो बनाता रहता है। शुक्रवार को शिव प्रकाश कार्यालय पर आया और वीडियो बनाने लगा मना करने पर झगड़ा करने पर उतारू हो गया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद एसडीएम सदर ने दोनों पक्षों को तहसील पर अपने-अपने प्रपत्र लेकर बुलाया है।