न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सप्ताह भर के अंदर जिले में दो बच्चों की हत्या की गुत्थी अभी नहीं सुलझी है। दोनों मामले बेहद पेचीदा हैं और पुलिस इन्हें लेकर लगातार हर पहलू पर पड़ताल कर रही है, लेकिन अभी तक दोनों ही घटनाओं का राजफाश नहीं हुआ है।
उल्लेखनीय है कि थाना चंदपा क्षेत्र के गांव मोहनपुरा में सप्ताह भर पहले 12 वर्षीय एक बच्चे का शव एक खेत में मिला था। बच्चे की निर्मम हत्या की गई थी। उसके गले में तांबे के तार बंधे थे और गले में कील भी घुसी हुई थी। इस हत्या ने तरह-तरह के सवाल भी खड़े कर दिए थे। हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन मामले का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
तीन दिन पहले 10 वर्षीय एक बच्ची का शव गांव सूजिया के निकट नहर में मिला था। आशंका है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है और हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में भी अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक इस मामले का भी खुलासा नहीं हुआ है। संवाद