हाथरस : खेत में टूटा पड़ा तार। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मीतई सबस्टेशन से गिजरौली और नवीपुर सबस्टेशन को आने वाली 33 केवीए की लाइन का शुक्रवार को तार टूट गया। इस कारण शहर के करीब पांच हजार उपभोक्ताओं की बत्ती गुल हो गई। सुबह 5:30 बजे से 11:30 तक बिजली न आने से लोग परेशान हो गए ।
विद्युत लाइन काफी पुरानी होने के कारण शहर-देहात व कस्बा के लोगों को आए दिन बिजली संकट का सामान करना पड़ता है। शुक्रवार सुबह मीतई सबस्टेशन से निकलने वाली लाइन का जंफर जल गया। बाद में सबस्टेशन के पीछे 33 केवीए की लाइन का तार टूट गया।
तार टूटने के साथ ही शहर के नवीपुर व गिजरौली बिजलीघर से जुड़े नगला भोजा, नगला टीका, शिव कॉलोनी, नवीपुर, आगरा रोड सहित तमाम इलाकों के करीब पांच हजार उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। पेयजल के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ा। सुबह 5:30 से 11:30 तक बिजली गुल रही। इस दौरान लोगों ने काफी परेशानी झेली। संवाद