न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एटा रोड स्थित गांव टोली में शनिवार की शाम एक कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि पीछे बैठा उसका छोटा भाई घायल हो गया। मृतक के पिता ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हसायन थाना क्षेत्र के गांव गुजरपुर निवासी पप्पू सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र बंटी उर्फ बंटू सिंह (25) नौ अप्रैल की रात सात बजे अपनी ससुराल खुशलपुर कचौरा से बाइक से वापस गांव लौट रहा था। उसके साथ बाइक पर उसका छोटा बेटा रमेश चंद्र भी बैठा हुआ था।
गांव टोली से आगे सामने से आती हुंडई अमेज कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर में गंभीर रूप से घायल बंटी की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश चंद्र टक्कर से दूर सड़क पर जा गिरा तथा घायल हो गया। टक्कर के बाद मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। काफी देर तक रोड जाम रहा जो कि पुलिस के पहुंचने पर खुला। संवाद