संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
मथुरा रोड स्थित गांव टीकैत के पास रविवार देर रात बाइक सवार चाचा-भतीजे की सांड़ से टक्कर हो गई। हादसे में भतीजे की मौत हो गई। घायल चाचा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तसींगा पंचायत के गांव गढ़ी भगता निवासी तेजवीर सिंह (24) पुत्र तिलकराज अपने चाचा राजपाल सिंह के साथ बाइक से सादाबाद गए थे। देर रात चाचा-भतीजे सादाबाद से गांव लौट रहे थे। गांव टीकैत के पास बाइक की सांड़ से टक्कर हो गई। हादसे में चाचा-भतीजे घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से तेजवीर को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पर चिकित्सकों ने तेजवीर को मृत घोषित कर दिया। राजवीर का उपचार जारी है।