हाथरस : जलेसर रोड स्थित अग्निशमन कार्यालय से अग्निशमन वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना करते एसपी। संव
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बृहस्पतिवार को जलेसर रोड स्थित अग्निशमन केंद्र से राष्ट्रव्यापी ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के अवसर पर अग्निशमन वाहनों को अग्निसुरक्षा प्रचार-प्रसार के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर अग्नि दुर्घटनाओं में कार्य करते हुए प्राणों की आहुति देने वाले अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी गई।
वर्ष 1944 में आज ही के दिन मुंबई बंदरगाह पर शिप यार्ड में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में पूरे मुंबई शहर को तबाह होने से बचाने में 66 फायर सर्विस कर्मचारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। इनकी याद में प्रतिवर्ष यह दिन अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। अग्मिशमन सेवा सप्ताह 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा। साथ ही ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के दौरान अग्निशमन विभाग और पुलिस द्वारा द्वारा विभिन्न स्कूल-कॉलेज और संस्थाओं में कार्यशाला का आयोजन कर स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को आग से बचने एवं अग्निशमन उपकरणों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। विभिन्न संस्थानों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा एवं व्यापक प्रचार प्रसार के माध्यम से आमजन को अग्नि सुरक्षा के संबंध में जागरुक किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर मनोज कुमार शर्मा एवं अन्य अग्निशमन अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग से होने वाली घटनाओं की एक जनवरी 2021 से 31 मार्च 2022 तक जनपद हाथरस में 255 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें कोई जनहानि नहीं हुई। चार अग्निशमन टीमों द्वारा विभिन्न घटनाओं में चार मनुष्य एवं तीन पशुओं को बचाकर सराहनीय कार्य किया गया है। संवाद