न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
एसडीएम राजेश कुमार ने मंगलवार को आगरा बाईपास रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल पर छापा मारा। मौके पर हॉस्पिटल व पैथोलॉजी संचालन के कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। लिहाजा, एसडीएम ने संचालक को दो दिन का समय देते हुए कागजात प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि आगरा बाईपास रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल के संबंध में गांव महरारा के एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसकी मां का उपचार इस हॉस्पिटल में ठीक प्रकार से नहीं किया गया है, जिससे उसकी मां का निधन हो गया। इस मामले में अस्पताल से जुड़े लोगों का कहना था कि तीन दिन पहले महिला को गंभीर हालत में उनके यहां लाया गया था।
यहां से उसे रेफर कर दिया गया था। इधर, हॉस्पिटल का निरीक्षण करने पर पाया कि यहां मरीज भर्ती थे और पैथोलॉजी भी चल रही थी, लेकिन मौके पर हॉस्पिटल व लैब संचालन के कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। लिहाजा दो दिन का समय देते हुए कागजात प्रस्तुत करने का नोटिस दिया गया है। इस दौरान एमओआईसी डॉ. दानवीर सिंह, जुगेंद्र यादव आदि मौजूद थे।