संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
उपजिलाधिकारी राजेश कुमार ने मंगलवार को डीएम के निर्देश पर आगरा रोड स्थित मंडी समिति में संचालित तीन गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गेहूं खरीद लक्ष्य से कम होने पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर की और केंद्र प्रभारियों को लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि शासन के निर्देश पर खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद की जा रही है। गेहूं लेकर आ रहे किसानों को नियमानुसार सभी सुविधाएं दी जा रही हैं। भुगतान भी समय से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी समिति स्थित तीनों क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद के पर्याप्त इंतजाम थे, लेकिन लक्ष्य से खरीद कम हुई थी।
लिहाजा लक्ष्य को पूरा किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बारिश के मौसम में गेहूं न भीगे, इसके लिए भी पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश क्रय केंद्र संचालकों को दिए गए हैं। एसडीएम ने गेहूं खरीद व भुगतान में लापरवाही न बरतने की भी हिदायत दी।