सीडीओ को ज्ञापन देते सफाई कर्मी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले मांगों के निस्तारण को लेकर सफाई कर्मियों ने विकास भवन परिसर में धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सीडीओ ने सफाई कर्मियों से वार्ता की। 28 मार्च तक विभिन्न देयों का भुगतान कराने आश्वासन दिया।
सफाई कर्मियों ने कहा कि कई बार ज्ञापन दिए जाने के बाद भी अभी तक अधिकारियों की ओर से समस्याओं के निस्तारण नहीं किया गया है। दो सौ ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का बोनस बेवजह रोक दिया गया है। इस मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और तत्काल बोनस मुहैया कराया जाए।
नो वर्क नो पे किए गए कर्मचारियों के स्पष्टीकरण ससमय साक्ष्यों के साथ देने पर भी आज तक वेतन आहरण नहीं किए गए हैं। निलंबित अवधि के वेतन पिछले दो वर्षों से लंबित पड़े हुए हैं। पिछले कई वर्षों से बकाया एरियर तक नहीं दिया गया। अंतिम बहाल सफाई कर्मियों को सवेतन बहाली की जाए। एसीपी का लाभ दिया जाए।
मेडिकल क्लेम का भुगतान किया जाए। धरने के दौरान सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने सफाई कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। समस्याओं का 28 मार्च तक निराकरण कराने का आश्वासन दिया। सीडीओ के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर बद्री लाल चौहान, चंद्रपाल सिंह, बारिश अंसारी, अशफाक खान, आदि सफाई कर्मी मौजूद थे।