संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ प्रथम बार गर्भधारण करने वाली गर्भवती महिलाओं को 730 दिनों तक 3 किस्तों में मिल सकेगा। यदि कोई लाभार्थी महिला गर्भधारण के समय योजना का फॉर्म नहीं भर पाती है, तो उसके द्वारा बच्चे के जन्म से 460 दिनों के भीतर योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
हाथरस जिले में अब तक प्रथम बार गर्भधारण करने वाली 40,336 गर्भवती महिलाओं को 150828000 रुपये की धनराशि महिला लाभार्थी के खाते में राज्य स्तर से सीधे भेजी जा चुकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि योजना संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए राज्य सरकार द्वारा लाभार्थियों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 7998799804 संचालित किया जा रहा है।
साथ ही जिले में समस्त चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयों पर जाकर लाभार्थी अपना फार्म महिला का आधार कार्ड, महिला के पति का आधार कार्ड ,महिला लाभार्थी की बैंक के विवरण के साथ क्षेत्रीय एनएम के द्वारा बनाया गया एमसीपी की छायाप्रति को जमा कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए क्षेत्रीय आशा के द्वारा उक्त लाभार्थी को चिह्नित कर योजना का फार्म भरकर संबंधित क्षेत्र की चिकित्सा इकाइयों पर जमा किया जाता है।