हाथरस : रक्षाबंधन के चलते रोडवेज बस में चढ़ने के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रोडवेज कर्मियों को इस बार रक्षाबंधन पर प्रोत्साहन योजना के तहत मिलने वाली इनामी राशि नहीं मिलेगी। महिलाओं ने शनिवार की मध्य रात्रि से रोडवेज बसों में मुफ्त सफर शुरू कर दिया है। वहीं, रोडवेज प्रशासन द्वारा बसों को लोकल रूट पर चलाया जाएगा। रोडवेज प्रशासन अधिक से अधिक बसों के संचालन के साथ आमदनी को बढ़ाने की कोशिश में जुटा है।
उल्लेखनीय है कि डिपो में वर्तमान में 79 बसें हैं। शनिवार को रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व डिपो द्वारा बसों को दिल्ली रूट पर चलाया गया। रविवार को रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर सभी बसों को लोकल रूटों पर चलाया जाएगा। रक्षाबंधन के चलते महिलाओं को मध्य रात्रि से मुफ्त सफर की सुविधा दी गई है। लगेज टिकट पर रक्षाबंधन की मुहर लगाकर दी गई। शनिवार को बसस्टैंड पर खासी भीड़ रही।
खास बात यह है कि हर बार रक्षाबंधन पर प्रोत्साहन योजना का क्रियान्वयन किया जाता है। अधिक से अधिक किलोमीटर अर्जित करने पर चालक-परिचालक व कार्यशाला कर्मियों को इनाम दिया जाता है। इस बार निगम स्तर से प्रोत्साहन योजना की शुरुआत नहीं की गई है। त्योहार स्पेशल परिचालन के लिए सभी चालक-परिचालकों के अवकाश पर 25 अगस्त तक रोक लगा दी गई है। संवाद