संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पुलिस ने कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव रामपुर नई बस्ती में हुई युवक की हत्या का खुलासा कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या आरोपियों ने उधारी के रुपये मांगने पर की थी। पुलिस ने हत्या में प्रयोग किए गए सामान को भी बरामद किया है। हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
तीन दिसंबर 2021 की रात को कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रामपुर नई बस्ती में घर में राकेश कुमार पुत्र लालाराम का शव पड़ा हुआ मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। मौके पर पहुंच कर डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट एवं फोरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण एंटीमॉर्टम इंजरी (चोट लगने के कारण मृत्यु) होना आया था। घटना के संबंध में परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
घटना के खुलासे के लिए एसपी ने गठित की थी टीम
घटना के जल्द खुलासे व अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा तत्काल क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया था। इस मामले में एसओजी व सर्विलॉस टीम को भी लगाया गया था।
बुधवार को एसओजी टीम व थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सचिन कुमार पुत्र चंद्रशेखर वाल्मीकि निवासी नई बस्ती रामपुर एवं सोनू उर्फ गूंगा पुत्र श्यामवीर निवासी बीडीओ वाली गली कस्बा हाथरस जंक्शन को दरियापुर रोड भोपतपुर मोड़ से बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे/निशानदेही 3900 रुपये, मृतक का मोबाइल फोन, दो चाकू, दरांती, ईंट का अध्धा (आलाकत्ल) आदि सामान भी बरामद किया है।
राकेश की मां से दो लाख रुपये उधार लिए थे एक आरोपी ने
पूछताछ में यह बात सामने आई कि अभियुक्त सचिन कुमार ने राकेश की मां से दो लाख रुपये उधार लिए थे। राकेश की मां की मृत्यु के बाद राकेश कुमार दीपावली पर अपने घर गांव रामपुर नई बस्ती रहने आ गया। जो घर पर अकेले ही रह रहा था। इसके उपरांत राकेश कुमार द्वारा सचिन कुमार से उसकी मां द्वारा दिए गए पैसे बार-बार मांगे गए।
इसी बात को लेकर सचिन राकेश से रंजिश मानने लगा और उसने अपने साथी सोनू उर्फ गूंगा के साथ मिलकर राकेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाने लगा। जिससे कि उसको पैसे न देने पड़ें। सचिन द्वारा योजनानुसार अपने सहअभियुक्त सोनू उर्फ गूंगा के साथ मौका पाकर राकेश की घर में हत्या कर दी थी।
इसके बाद घर की अलमारी में रखे 12 हजार रुपये चोरी कर लिए और राकेश के पास में पड़े सामान रिमोट, ईंट, चाकू, कैंची, मोबाइल फोन आदि जिसमें ब्लड लगा हुआ था, उसको दो थैलियों में भरकर बाहर से घर का दरवाजा बंद कर दोनों थैलियों को अलग-अलग झाड़ियों में ले जाकर छिपा दिया और उसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष रितेश कुमार, एसओजी प्रभारी एसआई अभय कुमार शर्मा, एसआई नरेंद्रपाल सिंह, एचसी संदीप राघव, जगदीश सिंह, सचिन शर्मा, चेतन राजौरा, जुगेंद्र सिंह, सोनवीर सिंह, रिंकू राजौरा, हरेंद्र सिंह और राहुल शर्मा।