न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए अलग फीडर बनाने के लिए बिजली अफसरों द्वारा भेजे गया 42 लाख रुपये का प्रस्ताव अभी तक मंजूरी के इंतजार में लटका है। इसे अभी मंजूरी नहीं मिल सकी है। इस कारण उद्योगों को निर्बाध बिजली का सपना अभी अधूरा है। उद्यमियों को अपनी फैक्टरियों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि औद्योगिक क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक फैक्टरियां संचालित होती हैं। इस क्षेत्र को प्रगतिपुरम सबस्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इस फीडर पर आसपास की कॉलोनियां जुड़ी हैं। फॉल्ट के कारण उद्योगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। पूर्व में बिजली अफसरों ने नया सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया, लेकिन इसके लिए जमीन नहीं मिल सकी, इसलिए बिजली अफसरों ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग फीडर बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 42 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर निगम के अफसरों को भेजा गया है।
इस संदर्भ में डीएम ने भी निगम के एमडी से वार्ता की है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में बीच रास्ते में खंभे को हटाने के लिए बिजली अफसरों ने खुद औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया था। यह काम भी लटका हुआ है। औद्योगिक आस्थान के अध्यक्ष देवेंद्र मोहता का कहना है कि अलग औद्योगिक फीडर बनने से ही उद्योगों के संचालन में बिजली आपूर्ति के व्यवधान की समस्या दूर हो सकेगी। संवाद