संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
डिग्री कॉलेजों में मुख्य विषयों के साथ अब व्यवसायिक शिक्षा भी विद्यार्थियों को दी जाएगी। इसे लेकर विश्वविद्यालय से आए पत्र के बाद जिले के डिग्री कॉलेजों में हलचल शुरू हो चुकी है। मार्च में होने वाली प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में एक पेपर व्यवसायिक शिक्षा का होगा।
नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को रोजगार परक शिक्षा दी जाएगी। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा ने व्यवसायिक शिक्षा से संबंधित विषय की पढ़ाई विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिसे लेकर अब कॉलेज संचालक विद्यार्थियों को व्यवसायिक शिक्षा के विषय बता रहे हैं और उन विषयों में से एक विषय का चयन विद्यार्थी से करने की बात कह रहे हैं। इससे विद्यार्थी भविष्य में रोजगार के लिए ज्यादा परेेशान नहीं होंगे।
- नई शिक्षा नीति के तहत इसी सत्र से व्यवसायिक शिक्षा भी विद्यार्थियों को दी जानी है। इसे लेकर विश्वविद्यालय से भी पत्र प्राप्त हो चुका है। जिसमें प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान व्यवसायिक शिक्षा का भी एक पेपर होगा। हमारे कॉलेज में दस विषयों में से छात्राएं एक विषय का चयन कर व्यवसायिक शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी। - डॉ. इंदू वार्ष्णेय, प्राचार्या आरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज।