न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से ग्राम पंचायतों के परिवार रजिस्टर को डिजिटल करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। आने वाले समय में लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल लेने के लिए विकास खंड कार्यालयों के चक्कर काटने के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा। बस एक क्लिक करते ही परिवार रजिस्टर की नकल वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
डिजिटल इंडिया अभियान के तहत परिवार रजिस्टर के डिजिटलीकरण को नये आयाम के रूप में शामिल किया जा रहा है। अक्सर लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल लेने केेेेेे लिए ब्लॉक तक जाना पड़ता है। अब परिवार रजिस्टर की नकल के लिए बस एक क्लिक करना होगा और परिवार का पूरा डेटा इंटरनेट पर उपलब्ध होगा। शासन के आदेश के बाद जिला स्तर पर ग्राम पंचायत अधिकारियों द्वारा परिवार रजिस्टर के सुदृढ़ीकरण का काम शुरू कर दिया गया है।
परिवार रजिस्टर को निर्धारित मानक के अनुसार तैयार किया जा रहा है, जिससे डिजिटलीकरण में किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।
दरअसल, ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को अक्सर कई कार्यों के लिए परिवार रजिस्टर की नकल की आवश्यकता पड़ती रहती है। इस कारण ग्रामीण ग्राम पंचायत सचिवों और ब्लॉक कार्यालय के चक्कर काटते रहते हैं। अब डिजिटलीकरण होने के बाद ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर से मुक्ति मिल जाएगी। जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) जीडी जैन ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत सचिवों को परिवार रजिस्टर का दुरुस्तीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे डिजिटलीकरण के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न आए।