न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रोग प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाने के लिए मतदान कर्मियों को आयुष रक्षा किट दी जा रही है। किट में मौजूद चार दवाइयां कोरोना संक्रमण से मतदान कर्मियों का बचाव करेंगी। अब तक जिले में करीब 800 लोगों को किट दी जा चुकी है। इस किट के प्रयोग करने से मतदान कर्मियों की रोग प्रतिरोधी क्षमता बरकरार रहेगी।
क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद के लिए 17 हजार से अधिक आयुष किट मंगाई र्गई है। विकास भवन, थाना हाथरस गेट, महिला थाना, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित करीब 800 लोगों को अभी तक किट दी जा चुकी है। शेष किट के वितरण का कार्य तेजी से चल रहा है। डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को आयुष रक्षा किट प्रदान किए जाने के निर्देश हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष रक्षा किट में शामिल आयुर्वेदिक दवाओं के सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता तो बढ़ेगी ही साथ ही यह कोरोना के उपचार में भी काफी कारगर है। कोरोना के कारण ‘‘होम आइसोलेशन’’ में रहने वाले मरीजों के लिए भी आयुष रक्षा किट काफी लाभदायक है। आयुष रक्षा किट में च्यवनप्राश, आयुष काढ़ा, संशमनी वटी और अणु तेल शामिल हैं। संवाद
ऐसे करना है सेवन
डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि आयुष रक्षा किट में शामिल च्यवनप्राश को एक चम्मच दिन में एक बार लेना चाहिए, जबकि आयुष काढ़ा के तीन ग्राम को 50 मिली ग्राम पानी में उबालने के बाद उसे छानकर सेवन करना चाहिए। संशमनी वटी के दो टैबेलेट दिन में दो बार गर्म पानी के साथ लेना चाहिए। अणु तेल का दो ड्राप नाक में दो बार डालना चाहिए।