न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने मंडी समिति में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से नकदी और चोरी की घटना में प्रयोग किया गया सामान भी बरामद किया गया है।
उल्लेखनीय है कि पांच मार्च को कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की मंडी समिति में कोतवाली सदर इलाके की गली बौहरान निवासी भानुप्रकाश की तीन दुकानों का ताला तोड़कर बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। यहां से चोर नकदी और कागजात चोरी कर ले गए थे। कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने मंगलवार और बुधवार की रात को मंडी समिति के खाली मैदान के पास से तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
इनमें विशाल, आकाश और गौतम रिषी उर्फ छोटल्ला निवासीगण कांशीराम कॉलोनी के नाम शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्त गौतम ऋषि उर्फ छोटल्ला पूर्व में भी चोरी के आरोप में थाना कोतवाली हाथरस से गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। ये तीनों मंडी समिति के खाली पड़े मैदान में चोरी की योजना बना रहे थे। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ केडी शर्मा, एसआई योगेश कुमार, एचसी ओमवीर सिंह, सौरभ चौधरी व विकास कुमार शामिल थे। संवाद