छह दिसंबर को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क
शांति समिति की बैठक में डीएम व एसपी ने की शांति बनाए रखने की अपील
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। छह दिसंबर को लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट हो गया है। खुफिया तंत्र को भी सतर्क कर दिया गया है। छह दिसंबर को किसी भी तरह के जुलूस व सार्वजनिक आयोजन पर पाबंदी लगा दी है। शांति व्यवस्था को लेकर डीएम व एसपी ने शहर के लोगों के साथ कोतवाली सदर में बैठक की।
पिछले माह नौ नवंबर को अयोध्या के मसले पर सुप्रीम कोर्ट में फैसला सुनाया था। इसकी सभी ने सराहना की थी। ऐसे में इस बार 6 दिसंबर को लेकर पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है। 6 दिसंबर को विहिप, हिजाम व अन्य संगठन जहां शौर्य दिवस मनाते आए हैं, वही मुस्लिम समुदाय के लोग काला दिवस मनाते आए हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए कोतवाली सदर में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार व एसपी सिद्वार्थ शंकर मीणा ने शहर के संभ्रात लोगों के साथ बैठक की।
इस मौके पर विहिप , हिजाम, हिंदू युवा वाहिनी के अलावा मुस्लिम समुदाय के नेताओं ने प्रशासन को विश्वास दिलाया कि वह इस बार न शौर्य दिवस मनाएंगे न ही काला दिवस। पूरी तरह से शांति बरकरार रखी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह से शांति व्यवस्था नहीं बिगडनी चाहिए। जो भी कानून को हाथ में लेगा,उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एएसपी सिद्वार्थ वर्मा, एसडीएम सदर नीतीश कुमार सिंह, सीओ सिटी राम शब्द यादव, ईओ डॉ. विवेकानंद के अलावा योगेंद्र शर्मा, रिजवान अहमद, फर्जुरहमान, रहीस अहमद अब्बासी, अनूप वाष्र्णेय, प्रशांत मिश्र, प्रशांत शर्मा, गुलशेर खां नेताजी, अशोक शर्मा, कैलाश कूलवाल, शेखर वाष्र्णेय, नारायण लाल, निशांत उपाध्याय, पप्पी पहलवान आदि मौजूद थे।