न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट ने एआरटीओ कार्यालय में कामकाज की रफ्तार को रोक दिया है। सोमवार को कार्यालय में काम के लिए पहुंचे लोग बैरंग लौट आए। लोगों को दिक्क्तों से जूझना पड़ा। एआरटीओ ने सभी डीलरों को नंबर प्लेट उपलब्ध कराने के लिए पत्र भी लिखा है। ताकि लोगों को कामकाज कराने में राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर परिवहन विभाग काफी गंभीर है। अब बिना नंबर प्लेट के व्यापारिक के अलावा कोई काम नहीं होगा। सोमवार से बिना नंबर प्लेट के काम पर रोक लग गई है। इस कारण सोमवार को विभिन्न कार्यों के लिए किए जाने वाले आवेदन, पता परिवर्तन, पंजीयन का नवीनीकरण, अनापत्ति प्रमाण पत्र, मोटरयान का थर्ड रजिस्ट्रेशन आदि कामकाज नहीं हुआ।
इस कारण कार्यालय पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। पुराने वाहन स्वामियों को भी यह नंबर प्लेट लगवानी होगी। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह ने डीलरों को पत्र लिखते हुए पूछा है कि कंपनियां कितनी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बना रही है। ताकि वाहनों पर जल्द से जल्द लगाया जा सके।