हाथरस : बिजलीघर का निरीक्षण करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो गया है। इसे संचालित करने के लिए विभाग द्वारा जिला अस्पताल का लोड ढाई सौ किलोवाट और बढ़ाया जाएगा, ताकि प्लांट का सही तरीके से संचालन हो सके। वहीं शहर के औद्योगिक क्षेत्र में लगे उद्योगों के लिए भी नया फीडर बनाने का काम शुरू हो गया है। अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सुभाष चंद्रा ने दोनों कार्यों का अधीनस्थ स्टाफ के साथ निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ढांचे को मजबूत करने की कोशिश में जुटा है। इस क्रम में ही जिला अस्पताल में ऑक्सीजन का प्लांट लगकर तैयार हो गया है। प्लांट लगने के साथ ही जिला अस्पताल में बिजली की जरूरत भी बढ़ गई है। बिजली विभाग द्वारा जिला अस्पताल का लोड बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां ढाई सौ किलोवाट का एक ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
दूसरी ओर शहर के अलीगढ़ रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र को भी निर्बाध बिजली देने के लिए अलग फीडर बनाने का काम शुरू करा दिया गया है। अब तक इस क्षेत्र को प्रगतिपुरम सब स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इस फीडर के चालू होने से एक दर्जन से अधिक औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली मिल सकेगी। एक्सईएन के साथ उपखंड अधिकारी (एसडीओ) विशाल निषाद, एसडीओ पवन वर्मा भी मौजूद थे। संवाद