संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
सेवा समाप्ति के लिए दिए गए नोटिस की समयावधि बीतने से पहले ही आउटसोर्सिंग सफाई कर्मी बृहस्पतिवार को काम पर लौट आए। आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों द्वारा नगर में सफाई नहीं करने पर एजेंसी के ठेकेदार बहादुर सिंह ने नगर पंचायत के नोटिस बोर्ड पर 11 अगस्त को नोटिस चस्पा किया था, जिसमें सभी आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों को 48 घंटे के अंदर काम पर नहीं लौटने पर सेवा समाप्त करने के चेतावनी दी गई थी, लेकिन 48 घंटे बीतने से पहले ही सफाई कर्मी काम पर लौट आए।
गौरतलब है कि जुलाई माह में दो माह का मानदेय न देने पर सफाई कर्मियों ने 13 दिन और अगस्त माह में 11 दिन कस्बे में सफाई कार्य बंद कर दिया था। कस्बे में सफाई नहीं होने से चारों ओर गंदगी के ढेर लग गए थे। 10 अगस्त को चेयरमैन और सफाईकर्मी के बीच हुई वार्ता में चेयरमैन ने उनकी सभी मांगें मानने का आश्वासन दिया था।
इसके बावजूद सफाई कर्मियों के काम पर नहीं लौटने पर एजेंसी के ठेकेदार ने नगर पंचायत कार्यालय पर 48 घंटे के अल्टीमेटम का नोटिस चस्पा कर दिया। नोटिस में कहा गया था कि यदि 48 घंटे के भीतर कर्मी काम पर नहीं लौटे तो उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।