न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महासचिव सतीशचंद्र मिश्र ने कहा कि प्रबुद्ध, ब्राह्मण वर्ग एवं दलित समाज आज प्रदेश सरकार के निशाने पर है। उन पर खुलकर प्रहार किया जा रहा है। इसे हम कभी नहीं भुला पाएंगे। डराना, धमकाना प्रदेश सरकार की नीति बन गई है। प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं। अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। चारों ओर जंगलराज कायम है।
सतीशचंद्र मिश्र शनिवार को यहां कोतवाली चौराहा स्थित राधे गार्डन में बसपा के बैनर तले आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन एवं विचार गोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। पूर्व मंत्री नकुल दुबे एवं राजकुमार रावत सहित कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहे। मिश्र ने कहा कि प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा ने जनता को गुमराह कर झूठ बोलकर कई प्रकार के प्रलोभन देकर, प्रदेश का चेहरा बदलने का झूठा वादा कर लोगों के साथ फरेब किया है।
धर्म के नाम पर वोट लेकर नौजवान एवं युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगा गया है। प्रदेश सरकार ने नौकरी देने का नहीं, लेने का काम किया है। यह जुमलेबाजों की सरकार है। किसानों की आय दोगुनी करने का झूठा आश्वासन देकर किसानों को उनकी जमीन से बेदखल करने का षडयंत्र रचा गया है। ठेके पर जमीन देने को मजबूर किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी विभाग रेलवे, एयर इंडिया, बैंक, लाइफ इंश्योरेंश जैसी संस्थाओं का निजीकरण कर उद्योगपतियों के हाथों बेच दिया है। पूरे प्रदेश में ब्राह्मण समाज पर प्रहार हो रहा है। दलित समाज पर अत्याचार किया जा रहा है। दंगे-फसाद कराए जाते हैं। लोगों को डराने-धमकाने का काम किया जाता है। सैकड़ों ब्राह्मणों की हत्या कराकर इनको आत्महत्या घोषित किया गया है।
उन्होंने ब्राह्मण समाज के लोगों से अपील की कि संगठित होकर पूरे समाज के लिए सोचें, ताकि प्रदेश में एक मिसाल कायम हो। इससे पूर्व बसपा के कार्यकर्ताओं ने सतीशचंद्र मिश्र का 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनको फरसा एवं गदा भेंट की। संचालन राजीव शर्मा, रवेंद्र पाठक, संजय कौशिक, रणवीर कश्यप ने संयुक्त रूप से किया। संवाद