हाथरस। जिले के सरकारी कार्यालयों में कामों के लिए चक्कर काटने वालों की समस्या अब सीधे भाजपा आलाकमान सुनेगा। भाजपा ने जिले के लिए 13 सौ से अधिक व्हाट्स एप ग्रुप तैयार किए हैं। एक ग्रुप में बूथ के 265 लोगों को शामिल किया गया है। इन ग्रुपों के जरिये भाजपा द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। यदि कोई दिक्कत है तो ग्रुप में शामिल व्यक्ति इसमें जानकारी भी साझा कर सकेंगे। ग्रुप में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश के प्रभारी को शामिल किया गया है। जाहिर है कि भाजपा आईटी सेल के सहारे चुनावी सफर तय करने में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता ध्यान में रखते हुए भाजपा ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। भाजपा के पास अधिक अधिक लोगों को अपने कुनबे में शामिल करने के लिए दो माह का समय है। भाजपा के पदाधिकारी अपने कार्यकर्ताओं से कह रहे हैं कि दो माह मनोयोग के साथ मेहनत कर लें। वर्तमान में प्रदेश में भाजपा के दो करोड़ सदस्य हैं। इनकी संख्या को बढ़ाकर चार करोड़ करने के लिए जगह-जगह शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। संवाद
सोशल मीडिया से भाजपा की चुनावी धार
हाथरस। बदलते समय में सोशल मीडिया लोगों के दिमाग में पूरी तरह छाया हुआ है। इसको देखते हुए भाजपा की आईटी सेल की सदस्याओं ने मंडलों के हिसाब से 1304 ग्रुप बनाए हैं। इन ग्रुपों में बूथ पर निवास करने वाले 265 लोगों को शामिल किया जाएगा। ग्रुप में एडमिन के रूप में जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, जिला विस्तारक, जिला प्रभारी, पन्ना प्रमुख सहित 10 लोग होंगे। इसके अलावा बाकी लोगों को आमजन के रूप में शामिल किया गया है। इन ग्रुपों में सरकारी योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित कराने के लिए जानकारी साझा की जाएगी। इसके अलावा बूथ पर रहने वाले किसी भी व्यक्ति को यदि किसी जगह पर कोई दिक्कत आ रही है तो वह ग्रुप में अपनी समस्या को डाल सकता है। प्रदेश व केंद्र स्तर से ग्रुपों की निगरानी की जाएगी, ताकि लोगों की समस्याओं का निदान हो सके। संवाद
पन्ना प्रमुखों को रखनी होगी बूथों पर नजर
हाथरस। व्हाट्सएप पर बनाए ग्रुप में पन्ना प्रमुख की खासी प्राथमिकता होगी। पन्ना प्रमुख द्वारा लोगों को भाजपा के प्रति जागरूक करने के साथ समस्याओं को दूर कराने के लिए प्राथमिकता पर ध्यान देना होगा। साथ ही उनकी समस्याओं का निदान कराकर संतुष्ट भी कराना होगा, ताकि लोग भाजपा के पक्ष में आ सकें। संवाद
जिलेभर में प्रत्येक बूथ के लिए एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाया गया है। इसमें बूथ पर निवास करने वाले 200 से अधिक लोगों को जोड़ा गया है। ग्रुप के जरिये केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की लोगों को जानकारी दी जाएगी। बूथ के लोग ग्रुप में समस्याओं को भी साझा कर सकते हैं। इसकी निगरानी प्रदेश व केंद्र स्तर से की जाएगी। जिलेभर में 1304 ग्रुप बनाए गए हैं।
-गौरव आर्य, जिलाध्यक्ष भाजपा