न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कार्य की धीमी गति पर प्रभारी डीपीआरओ एके मिश्र ने 54 पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया है। सभी के वेतन रोकने की कार्रवाई की है। समीक्षा के दौरान 80 फीसदी से अधिक कार्य लंबित होने पर यह कार्रवाई की गई है।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के लिए लाभार्थियों को धनराशि दी जाती है। इससे लाभार्थी अपने घर के परिसर में शौचालय का निर्माण करता है। जिले की ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले की ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की मॉनीटरिंग पंचायत सचिवों के माध्यम से नहीं की जा रही है।
इस कारण निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। वहीं दूसरी ओर से व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की जिओ टैगिंग में भी लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण निर्माण कार्य की रिपोर्ट पोर्टल के माध्यम से निदेशालय को नहीं पहुंच पा रही है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पंचायत सचिवों पर कार्रवाई की गई है। प्रभारी डीपीआरओ एके मिश्र ने व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की मॉनीटरिंग में लापरवाही बरतने वाले 54 पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं इन सभी पंचायत सचिवों का माह जून का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए हैं। संवाद