न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के कार्यपालक अध्यक्ष व उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति प्रितिंकर दिवाकर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपद न्यायाधीश, सभी पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण, समस्त प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय व समस्त सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ बैठक हुई। इसमें 11 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में सभी जनपद न्यायाधीश, समस्त पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण, समस्त प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय से अब तक नियत किए गए वादों व उनमें जारी सम्मन व नोटिस की तामीला के संबंध में जानकारी ली गई। राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में वादाें के निस्तारण के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। जिला जज मृदुला कुमार ने लोक अदालत में सभी न्यायिक अधिकारियों से अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने और पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनता से अपील कि लघु आपराधिक वादों में चालान की धनराशि ई-पेमेंट के माध्यम से एवं भारतीय स्टेट बैंक में चालान के माध्यम से पावर ज्योति खाता संख्या-34893052142 में भी जमा की जा सकती है। इसकी रसीद संबंधित न्यायालय से प्राप्त की जा सकती है। इस मौके पर जिला जज श्रीमती मृदुला कुमार, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय अखिलेश दुबे, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी अधिनियम)/नोडल अधिकारी, अनुराग पंवार व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव चेतना सिंह ने भाग लिया। संवाद