दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने एक महिला का सिर मुंडवाकर उसे मोहल्ले में घुमाया। अलीगढ़ जिले के अकराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई इस घटना का मुकदमा पुलिस अधीक्षक के आदेश पर महिला थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसके लिए दबिश दी जा रही है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव की एक महिला की शादी सात साल पहले अलीगढ़ के अकराबाद क्षेत्र के एक युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुरालीजनों ने दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। ससुरालीजनों ने उसे मारा-पीटा। जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुरालीजनों ने 14 अप्रैल को उसका सिर मुंडवा दिया और उसे मोहल्ले में घुमाया। इतना ही नहीं उसके बाद उसे यह लोग बेहोशी की हालत में अलीगढ़ रोड पर नहर के निकट उसे उसके गांव के निकट छोड़ गए।
इसकी जानकारी जब पीड़िता के परिजनों को हुई तो यह लोग उसे अपने घर ले आए। उसके बाद यह लोग थाने गए, लेकिन पुलिस ने उनकी नहीं सुनी। इन लोगों ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर इस मामले में महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाहिता के पति अलीमुद्दीन सहित कुछ अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला थाना प्रभारी विपिन चौधरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।