न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कालका व महानंदा एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को रेलवे प्रशासन ने रद्द कर दिया है। अब यह ट्रेनें हाथरस जंक्शन से बिना रुके हुए गुजरेंगी। इन ट्रेनों से यात्रा करने के लिए यात्रियों को अलीगढ़ स्टेशन जाना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि महानंदा एक्सप्रेस हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन होते हुए दिल्ली से अलीद्वार के लिए दूरी तय करती है। कालका मेल का दिल्ली से हावड़ा के बीच संचालन होता है।
अब बीते दस दिसंबर को महानंदा का ठहराव हाथरस जंक्शन पर रद्द कर दिया गया है। कालका मेल ट्रेन का ठहराव भी फिलहाल बंद कर दिया गया है। यात्री अब अलीगढ़ जंक्शन से ही इन दोनाें ट्रेनों में सवार हो सकेंगे। इन दोनों ट्रेनों का ठहराव बंद होने से जिले के यात्री काफी चिंतित हैं।