हाथरस : हड़ताल के चलते बैंक पर लगे ताले। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मियों ने बृहस्पतिवार को हड़ताल रखी। इस कारण बैंकों के ताले लगे रहे। बैंक बंद होने से करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। नकदी के लिए लोगों को इधर से उधर भटकना पड़ा। एटीएम पर लंबी लाइन लगी रहीं। इस कारण लोगों को खासी मुश्किलों से जूझना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि कि जिले में 142 बैंकों की शाखाएं हैं। इसके अलावा 90 के करीब एटीएम हैं। बृहस्पतिवार की सुबह लोग अपने कामकाज निपटाने के लिए बैंक पहुंचे। बैंकों के बंद होने के कारण लोग जरूरी कामकाज नहीं निपटा सके। कुल मिलाकर 10 से 12 हजार करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।
लोगों को नकदी के लिए इधर से उधर भटकना पड़ा। जिन एटीएम में नकदी थी, उन पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। कुछ एटीएम की कनेक्टविटी बाधित रही तो कुछ नकदी न होने के कारण शोपीस बने रहे। बैंक बंद होने के कारण लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। शुक्रवार को भी बैंकों की हड़ताल रहेगी। इस कारण शनिवार को ही बैंक खुलेंगे। संवाद