हाथरस : कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में लाभार्थियों को चेक वितरित करते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लखनऊ में आयोजित रोजगार संगम ऋण मेले का सजीव प्रसारण जनपद के लाभार्थियों को कलेक्ट्रेट में एनआईसी कक्ष में दिखाया गया। इस दौरान जनपद स्तर पर ऋण संबंधी योजनाओं में ऋण वितरण किया गया। जिलाधिकारी ने एक जनपद एक उत्पाद, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित कर बधाई दी।
जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का उपयोग उद्योगों की स्थापना एवं संचालन में उपयोग करने का आह्वान किया। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन अधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद के तहत चार व्यक्तियों को हींग उद्योग स्थापित करने व छह व्यक्तियों को रेडीमेड गारमेंट उद्योग हेतु ऋण उपलब्ध कराया गया है।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत छह व्यक्तियों को मसाला उद्योग, खाद उत्पाद, फैब्रीकेशन वर्क्स तथा घुंघरू उद्योग के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को दुग्ध उत्पाद, फैब्रीकेशन वर्क्स व बैटरी बनाने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। संवाद